19 अक्टूबर 2026 - 16:19
नेतन्याहू सिर्फ एक कठपुतली, इस्राईल को चला रहे हैं ट्रंप

ट्रंप को भी अमेरिका में जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात में नेतन्याहू के पक्ष में उनका खुलकर सामने आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

इस्राईल के पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, बेंजामिन नेतन्याहू के जरिए इस्राईल के फैसलों को नियंत्रित कर रहे हैं।

इस्राईल के पूर्व रक्षा मंत्री एविग्डोर लिबरमैन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप, बेंजामिन नेतन्याहू नाम की कठपुतली के जरिए इस्राईल को चला रहे हैं। लिबरमैन के मुताबिक, इस्राईल में ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं, जो पहले कभी नहीं देखी गई थीं।

रविवार रात डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर नेतन्याहू को चुनाव में दोबारा जीत दिलाने के लिए अपना पूरा समर्थन जताया। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर नेतन्याहू की तारीफ करते हुए उन्हें “एक महान योद्धा प्रधानमंत्री” बताया।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पश्चिम एशिया में युद्ध का माहौल है और ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में अमेरिका की सीधी भागीदारी भी चर्चा में है।

ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अपनी आक्रामक बयानबाजी जारी रखते हुए कहा कि अगर इस्राईल ने नेतन्याहू के अलावा किसी दूसरे नेता को चुना, तो अमेरिका को खुद ईरान के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी, जबकि वह ऐसा नहीं करना चाहते।

रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू की पार्टी लिकुड चुनावी सर्वेक्षणों में गादी आइज़ेनकोट के नेतृत्व वाली ‘याशार’ पार्टी से पीछे चल रही है। ऐसे में नेतन्याहू को घरेलू स्तर पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है और वह ट्रंप के समर्थन पर भरोसा कर रहे हैं।

दूसरी ओर, ट्रंप को भी अमेरिका में जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात में नेतन्याहू के पक्ष में उनका खुलकर सामने आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

ट्रंप के बयान के जवाब में नेतन्याहू ने उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेताओं ने मिलकर कई बड़े काम किए हैं और आने वाले दो वर्षों में वे अपने मिशन को पूरा करेंगे।

लिबरमैन के बयान ने इस्राईल की राजनीति में अमेरिकी प्रभाव और नेतन्याहू पर ट्रंप की निर्भरता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
टिप्पणीसंकेत
captcha